माउंट मौर्या इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
माउंट मौर्या इंटरनेशनल स्कूल जोगिंद्रनगर में वीरवार को विश्व पर्यावरण दिवस बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, कार्ड मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने क्षेत्र में एक जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य योगेश ठाकुर ने कहा कि “प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना भी संभव नहीं। पेड़-पौधे, नदियां, जंगल, पर्वत और जल स्रोत हमारे जीवन का आधार हैं और इन्हें बचाना हम सभी का कर्तव्य है।” उन्होंने बताया कि पहला विश्व पर्यावरण दिवस वर्ष 1974 में मनाया गया था और यह दिन हमें हर रोज़ पर्यावरण के प्रति सजग और उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। प्रधानाचार्य ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे पानी-बिजली की बचत, कचरा प्रबंधन, पौधारोपण और वाहनों का कम प्रयोग, पर्यावरण को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पृथ्वी ही हमारा एकमात्र घर है, जिसे हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है। इस अवसर पर स्कूल निदेशक मनोज ठाकुर, उप प्रधानाचार्य इंदिरा राणा, कोऑर्डिनेटर प्रियंका भारद्वाज और समस्त शिक्षक वर्ग ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। पूरा आयोजन शिक्षण, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता का बेहतरीन उदाहरण बना।












