समर्थकों संग सुजानपुर थाने पहुंचे राजेंद्र राणा, बोले- “हथकड़ी लगानी है तो लगाएं, सच बोलना बंद नहीं करेंगे”
हमीरपुर: भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा बुधवार को अपने समर्थकों के साथ सुजानपुर थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सच बोलने पर हथकड़ी लगानी है तो लगा दें, लेकिन वे सच बोलना बंद नहीं करेंगे।
राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अनुचित टिप्पणी करने के मामलों में कार्रवाई नहीं की जा रही, जबकि भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत मिलने के महज 12 घंटे के भीतर FIR दर्ज कर दी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह कैसा न्याय है?
राणा ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और राजनीतिक विचारों के आधार पर कार्रवाई में भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराने या दबाव में लाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
समर्थकों के साथ थाने पहुंचने के दौरान राणा ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि वे जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे और किसी भी दबाव के आगे पीछे नहीं हटेंगे।






