300 करोड़ का मेडिकल कॉलेज, लेकिन 8 साल बाद भी अधूरा!, हमीरपुर में बरसे अनुराग ठाकुर
हमीरपुर। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को जोलसप्पड़ स्थित निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने ओमान तट पर हुए हमले में हमीरपुर के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मृत्यु पर भी गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।
निरीक्षण के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति केंद्र सरकार से बड़ी मेहनत के बाद मिली थी, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा होने में करीब 8 से 10 वर्ष का समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर इस परियोजना में बार-बार बाधाएं किसने पैदा कीं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
सांसद ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज का मुख्य भवन लगभग दो वर्ष पहले तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक न तो यहां 600 छात्रों की नियमित कक्षाएं शुरू हो सकी हैं और न ही ओपीडी सेवाएं प्रारंभ हुई हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन में लगातार हो रही देरी के कारण क्षेत्र की जनता आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी गई थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान समय पर भूमि उपलब्ध नहीं करवाई गई। बाद में जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में भूमि उपलब्ध करवाई गई और निर्माण कार्य को गति मिली। अब प्रदेश में फिर कांग्रेस सरकार है, लेकिन कॉलेज को पूरी तरह शुरू करने और शेष कार्यों को पूरा करने में अपेक्षित तेजी दिखाई नहीं दे रही।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यदि इसी रफ्तार से काम चलता रहा तो क्षेत्र की जनता को मेडिकल कॉलेज का पूरा लाभ मिलने के लिए अभी और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से आपसी समन्वय बढ़ाकर निर्माण कार्य तथा संस्थान के संचालन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर और आसपास के जिलों के हजारों लोगों को इस मेडिकल कॉलेज से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, इसलिए परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जा सकती।






