मनाली में विदेशी महिला से अभद्रता, VIDEO वायरल होने पर SDM ने दिए जांच के आदेश
मनाली (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने प्रदेश की छवि को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक विदेशी महिला के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करता दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में एक विदेशी महिला सड़क पर पैदल जाती हुई दिखाई दे रही है। इसी दौरान एक युवक उसके पास से गुजरते हुए कथित तौर पर अनुचित हरकत करता नजर आता है। दावा किया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। हालांकि अभी तक पीड़ित महिला या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मनाली प्रशासन ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने कहा कि यदि जांच में वीडियो की सत्यता की पुष्टि होती है और संबंधित युवक की पहचान हो जाती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हिमाचल की छवि खराब करने वाले और पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उधर, डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। वीडियो की सत्यता, घटना स्थल और संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में तथ्य सामने आने या शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों ने संबंधित युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश अपनी मेहमाननवाजी और पर्यटन संस्कृति के लिए जाना जाता है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल पर्यटकों की सुरक्षा भावना को प्रभावित करती हैं, बल्कि प्रदेश की छवि को भी नुकसान पहुंचाती हैं।






