मुख्यमंत्री पर टिप्पणी को लेकर घिरे राजेंद्र राणा, कांग्रेस ने 3 थानों में दी शिकायत; FIR की मांग
हमीरपुर: हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और लगाए गए आरोपों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भोरंज, बड़सर और सुजानपुर पुलिस थानों में अलग-अलग शिकायतें सौंपते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि तीनों थानों में शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस सभी शिकायतों की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भोरंज पुलिस थाने में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुबाला और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिकायत सौंपी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के खिलाफ भ्रामक एवं तथ्यहीन बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। वहीं, सुजानपुर पुलिस थाने में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह और नशा निवारण बोर्ड के सलाहकार नरेश ठाकुर ने भी शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, हाल ही में हमीरपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान राजेंद्र राणा ने प्रदेश सरकार पर वित्तीय अनियमितताओं, भ्रष्टाचार, सरकारी परियोजनाओं में कथित गड़बड़ियों और राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। उनका आरोप है कि इस तरह के बयानों से जनता में भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ के लिए सरकार तथा मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। कांग्रेस ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर राजेंद्र राणा के खिलाफ कानून के अनुसार एफआईआर दर्ज करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।






