पांवटा साहिब के खारा जंगल में फिर दिखा टाइगर, CCTV में कैद हुई मौजूदगी; वन विभाग अलर्ट
पांवटा साहिब। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित खारा वन क्षेत्र में एक बार फिर टाइगर की मौजूदगी दर्ज होने से वन विभाग सतर्क हो गया है। जंगल में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में टाइगर स्पष्ट रूप से कैद हुआ है, जबकि मौके पर उसके ताजा पदचिन्ह भी मिले हैं। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है तथा आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह जारी की है।
जानकारी के अनुसार रेंज अधिकारी सुरेंद्र शर्मा, वन खंड अधिकारी मुदसर और वनरक्षक वीरेंद्र चौहान की टीम पिछले कई दिनों से खारा जंगल में वन्यजीव गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। कैमरा ट्रैप की फुटेज की जांच के दौरान टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जंगल में उसके ताजा पदचिन्ह मिलने से स्पष्ट हो गया कि टाइगर फिलहाल इस क्षेत्र में सक्रिय है।
डीएफओ पांवटा वेद प्रकाश ने बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले भी इसी क्षेत्र में टाइगर देखा गया था। अब दोबारा उसकी मौजूदगी सामने आने से विभाग ने कैमरा ट्रैप की संख्या बढ़ाने और उसके मूवमेंट पर लगातार नजर रखने का निर्णय लिया है। वन विभाग टाइगर के आवास क्षेत्र और गतिविधियों का अध्ययन कर रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
खारा जंगल के आसपास कई गांव बसे हुए हैं। ऐसे में वन विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों को अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल में न जाएं, बच्चों को जंगल या सुनसान स्थानों के आसपास खेलने न भेजें तथा मवेशियों को खुले में जंगल की ओर न छोड़ें। विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक भी कर रही हैं।






