डाढ़ में शिक्षा मंत्री ने ढाई करोड़ की स्कूल इमारत का किया लोकार्पण, निजी स्कूलों की फीस पर कानून के संकेत
पालमपुर/डाढ़: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के मेजर सोमनाथ शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डाढ़ में लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तीन मंजिला विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़े कई विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया।
कार्यक्रम में पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों के विलय, सीबीएसई संबद्धता, शिक्षकों की भर्ती, निजी स्कूलों की फीस और छात्रों की काउंसलिंग जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का पक्ष रखा। शिक्षा की गुणवत्ता सरकार की प्राथमिकता रोहित ठाकुर ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक आशीष बुटेल के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है।
राजीव गांधी डे- बोर्डिंग स्कूल, आधुनिक लाइब्रेरी, कॉलेजों में नए पाठ्यक्रम और अतिरिक्त भवन जैसी सुविधाएं छात्रों को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। 700 स्कूलों में एक भी छात्र नहीं था स्कूलों के विलय के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में डी-नोटिफाई या मर्ज किए गए करीब 1,400 स्कूलों में से लगभग 700 स्कूल ऐसे थे, जहां एक भी छात्र नामांकित नहीं था।
उन्होंने कहा कि तय मानकों के तहत ही यह फैसला लिया गया, जिससे करीब 2,500 शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवाओं का बेहतर उपयोग संभव हुआ। 150 सरकारी स्कूलों को मिली CBSE संबद्धता उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के करीब 150 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई संबद्धता दी गई है। इसके लिए नीति तैयार की जा चुकी है और हाल ही में 62 प्राचार्यों की नियुक्ति भी की गई है। शेष रिक्त पदों को भी चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।
निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर बनेगा कानून निजी स्कूलों द्वारा लगातार फीस बढ़ाए जाने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने संकेत दिए कि आगामी विधानसभा सत्र में ऐसा कानून लाया जाएगा, जिससे निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
सरकारी स्कूलों में शुरू होगी काउंसलिंग व्यवस्था स्कूली छात्रों में बढ़ते तनाव और आत्महत्या के मामलों पर चिंता जताते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में काउंसलर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले चरण में यह व्यवस्था पीएम श्री स्कूलों में लागू की जा रही है और बाद में अधिक छात्र संख्या वाले अन्य स्कूलों तक भी इसका विस्तार किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को समय पर मानसिक और भावनात्मक सहयोग मिल सके।






