शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी बदलाव कर रही सरकार : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल सरकार राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में आमूलचूल परिवर्तन कर रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा के लिए स्कूल और कॉलेज शिक्षा के अलग- अलग निदेशालय बनाए गए हैं, जो एक निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री सोमवार को ऊना विधानसभा क्षेत्र में 25.79 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के उपरांत डिग्री कॉलेज ऊना में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ऊना में 8.79 करोड़ रुपए की लागत से बने नवीन भवन तथा राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में 12 करोड़ रुपए की लागत से बने अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक का लोकार्पण किया। साथ ही 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कन्या छात्रावास की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए घोषणा की कि अगले शिक्षा सत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला ऊना को 'को-एजुकेशन' बनाया जाएगा और यहां सीबीएसई पैटर्न की कक्षाएं शुरू की जाएंगी, ताकि बच्चों को अच्छी से अच्छी प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा मुहैया हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा को वर्तमान जरूरतों के हिसाब से अद्यतन बनाने और बच्चों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए राज्य में प्राइमरी स्तर से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। बच्चों को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने के लिए 500 विशेषज्ञ अध्यापकों की भर्ती की जा रही है। हमारा प्रयास है कि सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चे नए समय के हिसाब से जरूरी स्किल सीखें तथा इंग्लिश भाषा में पारंगत हों। इसके अलावा टीजीटी आट्र्स, मेडिकल और नॉन मेडिकल की 961 भर्तियां की जा रही हैं। वहीं, हम जेबीटी की 600 भर्तियां भी जल्द निकालने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक सहित सभी मेडिकल कॉलेजों को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। 20 वर्ष से अधिक पुरानी मशीनों को चरणबद्ध रूप से बदला जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि रोबोटिक सर्जरी जैसी उन्नत चिकित्सा सेवाएं आम जनता को सहज रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए सरकार ऐसी टेक्नोलॉजी ला रही है, जिससे जटिल से जटिल उपचार भी राज्य के भीतर ही संभव हो सके। उन्होंने कहा कि ऊना में निर्माणाधीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के निर्माण में गति के लिए प्रदेश सरकार ने पर्यावरण स्वीकृतियां दिलाने का काम किया है। वहीं, डिग्री कॉलेज ऊना की प्रिंसिपल डॉ. मीता शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विकास परियोजनाओं के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कॉलेज को विभिन्न मांगे मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
बढ़ते कैंसर के रोगियों का किया विश्लेषण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य से सीधे जुड़े मुद्दों को लेकर बेहद सजग और संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि हालिया वर्षों में हिमाचल प्रदेश में जनसंख्या के अनुपात में कैंसर रोगियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई, जिसे सरकार ने गहराई से विश्लेषण किया है। इस विषय पर कराए गए विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन में यह सामने आया कि अनियमित जीवनशैली, खानपान के अलावा रोगों के कई कारणों में पेयजल की गुणवत्ता भी एक महत्वपूर्ण कारक है। इसी दृष्टि से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री स्वच्छ जल योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत 200 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। इस योजना के जरिए हर नागरिक को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने एनएसयूआई से जुड़े छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि वे युवा अवस्था से संगठन से जुड़े रहे हैं और मेहनत व निष्ठा के बल पर आज इस स्थान तक पहुंचे हैं। उन्होंने युवाओं से नई तकनीक का रचनात्मक उपयोग करने का आह्वान किया और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे छात्रों का निरंतर मार्गदर्शन करें, ताकि युवा पीढ़ी सक्षम, जागरूक और ज्मिेदार बन सकें। मुख्यमंत्री ने कॉलेज में ऑडिटोरियम बनाने की मांग का व्यवहारिक विश्लेषण करने और उसके अनुरूप उपयुक्त निर्णयलीन का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अकादमिक और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेज के 3 मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया।
मुख्यमंत्री के साथ ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर गगरेट के विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, राज्य एसी आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा व अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, ऊना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सोहड़, कांग्रेस नेता अविनाश कपिला, संजीव कंवर, बाबा अमर जोत बेदी, उर्मिला शर्मा, सीमा सोहड़, शिव सैनी,उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार एवं माध्यमिक शिक्षा सोम लाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।












