ऊना में दर्दनाक हादसा: सड़क धंसने से खाई में गिरी पिकअप, चालक की मौ.त
ऊना। जिला ऊना के बंगाणा उपमंडल में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। चौकीमन्यार-कैंट सड़क मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से लकड़ियों से लदी पिकअप गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की पहचान अजय कुमार (42) निवासी टकारला गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अजय कुमार शनिवार शाम जंगल से लकड़ी लेकर अपनी पिकअप गाड़ी में घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौकीमन्यार-कैंट सड़क मार्ग पर अचानक सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढलान में पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि अजय कुमार वाहन के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें वाहन के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






