ऊना में चलती HRTC बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; 12 यात्री थे सवार
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एचआरटीसी की एक चलती बस में अचानक आग लग गई। यह बस तलवाड़ा से चिंतपूर्णी और ऊना होते हुए नालागढ़-बद्दी जा रही थी। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस जब ऊना शहर में केनरा बैंक के समीप पहुंची तो उसके इंजन और गियर बॉक्स के पास से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही देर में धुआं बढ़ने लगा, जिससे बस में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। उस समय बस में करीब 12 यात्री सवार थे।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते बस के इंजन वाले हिस्से में आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
चालक की तत्परता के कारण सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग लगने से बस को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, जबकि मामले की जांच की जा रही है।






