नशा और खनन माफिया से सख्ती से निपटने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध, नशा कारोबारियों की संपत्ति होगी जब्त : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे से अवैध रूप से संपत्ति बना रहे हैं, उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी और आवश्यकता पड़ी तो उनके ढांचे को ध्वस्त भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नशा और खनन माफिया से सख्ती से निपटने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार चिट्टे के धंधे में लिप्त लोगों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएगी। हम युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने नशे से निपटने को सख्त कानून बनाया है। लालसिंगी में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने दोहराया कि वर्ष 2032 तक हिमाचल को देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनाने के लक्ष्य को लेकर सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से जन सेवा करने वालों को न केवल जनता का सहयोग मिलता है, बल्कि देवताओं और भगवान का आशीर्वाद भी साथ होता है। यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों में अधिकतम भागीदारी के लिए प्रेरित कर रही है। खेलों में पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है और अब सरकार जल्द ही सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को नौकरियों में छूट देने के लिए अधिकृत करने जा रही है।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस किए जा रहे मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक सहित सभी मेडिकल कॉलेजों को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि रोबोटिक सर्जरी जैसी उन्नत चिकित्सा सेवाएं आम जनता को सहज रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि ऊना में निर्माणाधीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के निर्माण में गति के लिए प्रदेश सरकार ने पर्यावरण स्वीकृतियां दिलाने का काम किया है।












