भरमौर–थल्ला रोड पर दर्दनाक हादसा: 400 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक की मौ*त, एक गंभीर घायल...
भरमौर (चंबा)।
भरमौर–थल्ला रोड पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन भरमौर से पंसेई की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुंकू टपरी के पास सड़क का डंगा अचानक धंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में मदन लाल पुत्र प्रेम सिंह, निवासी गांव पंसेई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनोज कुमार पुत्र पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय वाहन में सवार दोनों युवक रिश्ते में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे हालत गंभीर देखते हुए चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण सड़क धंसना बताया जा रहा है।
इस हृदयविदारक दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।












