कुल्लू में चार जगह फटे बादल, जीवा नाला, शिलागढ़, स्नो गैलरी और होरनगढ़ में तबाही, तीन लोग बहे
हिमाचल के कुल्लू जिले में बुधवार दोपहर बाद चार जगह बादल फटने से खूब तबाही हुई। कुल्लू के जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ (गड़सा) घाटी, स्नो गैलरी (मनाली) और होरनगढ़ (बंजार) में बादल फटे हैं। जीवा नाला की बाढ़ के बाद बिहाली गांव को भी खतरा पैदा हो गया है। सैंज सड़क पर पार्क बोलेरो कैंपर गाड़ी फ्लैश-फ्लड में बह गई। सियूंड मार्ग को भी नुकसान हुआ है और एक अस्थायी दुकान बह गई है। सैंज घाटी के रैला बिहाल क्षेत्र में 4 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस घटना में तीन व्यक्तियों के बह जाने की सूचना है, जो सामान निकालते समय हादसे का शिकार हो गए। बंजार उपमंडल के होरनगढ़ क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के कारण बंजार-बठाहर सड़क पर बना एक छोटा पुल तथा एक वाहन भी बह गया है। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा राहत, खोज एवं बचाव कार्य जारी है। जिला प्रशासन कुल्लू इस आपदा के मद्देनजर पूरी तरह सतर्क है। राहत और बचाव कार्यों के लिए जिला प्रशासन की टीमें तैयार हैं। आवश्यकता अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में सर्च और रेस्क्यू टीमें तुरंत भेजी जाएंगी। साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी जिले में पूर्व से ही तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।












