नाहन में गहरी खाई में गिरा ट्राला, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान
नाहन। पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे पर नाहन के समीप एक ट्राला रात के वक्त खाई में जा गिरा। हादसा गोशाला के समीप पेश आया। गनीमत ये रही कि इस हादसे में चालक की जान बच गई। वहीं, क्लीनर भी सुरक्षित है। उधर, नाहन पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार ट्राला बुधवार रात कालाअंब की तरफ से पांवटा साहिब जा रहा था। जैसे ही वाहन गोशाला के समीप पहुंचा तो लोड होने के कारण चढ़ाई में अचानक रुक गया। चालक ने तुरंत क्लीनर को टायर के नीच पत्थर लगाने को कहा। क्लीनर ने वाहन से उतरकर आसपास पत्थर ढूंढने के प्रयास किए, लेकिन अंधेरे में कहीं पत्थर नहीं मिला। इस बीच ज्यादा लोड होने के कारण ट्राले की ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर चल पड़ा। हालांकि, चालक ने ट्राले को कंट्रोल करने की कोशिश ली, लेकिन स्थिति को भांपते हुए उसने समय रहते ट्राले से कूदकर अपनी जान बचा ली।
इसके बाद ट्राला अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस के अनुसार ट्राला किसी फैक्टरी का रॉ मैटिरियल लेकर पांवटा साहिब जा रहा था। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।






