पर्यटन सीजन में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं, कांगड़ा पुलिस कसेगी शिकंजा
धर्मशाला। पर्यटन सीजन को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी कर ली है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ट्रैफिक जाम की वजह बनने वाले बाइकर्स व अन्य वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मैकलोडगंज, धर्मशाला, कांगड़ा, मटौर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि बाहरी राज्यों, विशेषकर पंजाब से आने वाले वाहन चालकों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। हिमाचल सीमा में प्रवेश करते ही नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फर्जी, मुड़ी हुई या अस्थायी नंबर प्लेट लगाकर चलने वाले वाहनों पर भी लगातार कार्रवाई जारी है। आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की मदद से ऐसे वाहनों की पहचान कर चालान किए जा रहे हैं, जबकि मैन्युअल जांच के दौरान भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
एसपी ने कहा कि कांगड़ा पुलिस का उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।






