धर्मशाला में सुधीर शर्मा का सुक्खू सरकार पर वार, बोले- हर जांच के लिए हूं तैयार
धर्मशाला के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने अपना जन्मदिन जनसेवा को समर्पित करते हुए दिव्यांग बच्चों, जरूरतमंद लोगों और सामाजिक संस्थाओं की सहायता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीति, आपदा राहत, विकास कार्यों और अपने खिलाफ चल रही जांच को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पत्रकारों से बातचीत में सुधीर शर्मा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता धर्मशाला का विकास और जनता की सेवा है। उन्होंने बताया कि सूर्योदय स्कूल के बच्चों की पूरे वर्ष की शिक्षा का खर्च, जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, हियरिंग एड और आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि उनकी टीम वर्षों से जन्मदिन को उत्सव नहीं, बल्कि सेवा के रूप में मनाती आ रही है।
प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि पिछले वर्ष के कई आपदा प्रभावित परिवार आज भी राहत का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं और सक्षम लोगों से आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करने की अपील भी की।
अपने खिलाफ चल रही जांच और दर्ज एफआईआर के सवाल पर सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें किसी भी जांच से डर नहीं है और वे हर जांच में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से उनके परिवार और सहयोगियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।
भाजपा की प्रस्तावित चार्जशीट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी दस्तावेजों और तथ्यों के साथ सरकार की कार्यशैली को जनता के सामने रखेगी। जरूरत पड़ने पर चुनाव आयोग और अदालत का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
धर्मशाला के विकास कार्यों पर उन्होंने कहा कि विधायक निधि समय पर जारी नहीं होने से विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद भाजपा जनहित के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी।
कांग्रेस के अंदरूनी हालात पर टिप्पणी करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियां सामान्य नहीं हैं और जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा जल्द ही तथ्यों के साथ अपना पक्ष प्रदेश की जनता के सामने रखेगी।






