नशा तस्करों पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 चिट्टा सप्लायर गिरफ्तार
बिलासपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पट्टा फोरलेन पर लगातार कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कुल 56.37 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इन मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों मामलों में पुलिस अब चिट्टे की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके आगे किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
पहले मामले में 22.26 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस के अनुसार पहला मामला 16 अगस्त का है। स्पेशल डिटेक्शन टीम पट्टा फोरलेन पर गश्त और नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 22.26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
मामले में मंडी जिला निवासी अनमोल प्रित सिंह (24), रोहित (22) और माहिर मल्होत्रा (21) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
बाइक सवार दो युवकों से 17.88 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरी कार्रवाई 17 अगस्त को की गई। पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर मंडी निवासी राजेंद्र कुमार (21) और पूर्वी दिल्ली निवासी सुमन कुमार मन्ना (21) के कब्जे से 17.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भी थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है।
टैक्सी से 16.23 ग्राम चिट्टा बरामद, हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार
इसी दिन स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पट्टा फोरलेन पर तीसरी कार्रवाई को अंजाम दिया। नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी की तलाशी ली गई, जिसमें से 16.23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में सोनीपत, हरियाणा निवासी सोनू (38) और पानीपत, हरियाणा निवासी अंकित (23) को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस नशे की खेप के स्रोत से लेकर आगे के सप्लाई नेटवर्क तक की जानकारी जुटा रही है। इसका उद्देश्य नशे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।






