ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई प्रतिभा को संवारेंगे विद्या केंद
सर्वजनकल्याण सभा ने शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए डिडवीं टिक्कर पंचायत के टिक्कर गांव में विद्या केंद्र का शुभारंभ किया। विद्या केंद्र का शुभारंभ शिक्षाविद सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य व पूर्व में भाजपा मंडल हमीरपुर के अध्यक्ष रहे बलदेव धीमान ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य व व्यापार मंडल हमीरपुर के अध्यक्ष रहे सुशील कुमार सोनी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बलदेव धीमान ने सभा के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि गांवों के क्षेत्रों में पढऩे वाले बच्चों को स्कूल के उपरांत पढ़ाई के लिए उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता है। इससे ग्रामीण बच्चे कहीं न कहीं उपेक्षा का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सर्वजनकल्याण सभा द्वारा एक बहुत ही सराहनीय कदम ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए किया जा रहा है। सुशील सोनी ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभा को निखारने के लिए यह बहुत ही अच्छा काम सर्वजनकल्याण सभा द्वारा शुरू किया जा रहा है, जिससे बच्चे का मानसिक विकास होगा और बच्चों का अच्छा भविष्य बेहतर तरीके से संवरेगा। सभा अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि हमारे गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, परंतु उनको निखारने व सही दिशा में चलाने के लिए सही कदम उठाने की जरूरत है। इसी कड़ी में सोमवार को विद्या केंद्र का शुभारंभ टिक्कर गांव में किया गया है। नवीन ने कहा कि विद्या केंद्र में कक्षा छठी से लेकर बाहरवीं कक्षा तक के तीस से अधिक बच्चों को स्कूल के उपरांत उनके ही गांव में निशुल्क पढ़ाया जाएगा। बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता बच्चों को होती है, जो पढ़ाई के साथ साथ विद्या केंद्र में बच्चों को दिया जाएगा। ये रहे उपस्थित : इस अवसर पर उपाध्यक्ष रोशन लाल, रवि दत्त शर्मा, एडवोकेट विजय शर्मा, कुशल पटियाल, महामंत्री अश्वनी शर्मा, सचिव संतोष ठाकुर, स्थानीय पंचायत के प्रधान कुलवीर, ग्राम केंद्र अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, रिटायर्ड डप्टी डायरेक्टर प्रकाश चंद, देवाशीष सहित स्थानीय लोग व बच्चे भी उपस्थित रहे।












