छात्रों के अच्छे परिणाम पर पूर्व विधायक ने सेंट स्कूल की प्रिंसिपल का किया सम्मान
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में सेंट डीआर स्कूल गगरेट के विद्यार्थियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में टॉप पोजिशन पाने पर पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने स्कूल संचालकों व स्कूल स्टाफ की भूरिभूरि प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि यह करिश्मा एक दिन की मेहनत का नहीं है, बल्कि इससे साबित होता है कि सेंट डीआर पब्लिक स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए गंभीर है। राजेश ठाकुर ने दस जमा दो की वार्षिक परीक्षा में प्रदेश भर में प्रथम स्थान के साथ मेरिट सूची में तीन स्थान लाने व दसवीं की वार्षिक परीक्षा में मेरिट सूची में दो स्थान लाने के लिए स्कूल की प्रिंसिपल सरोज कमल शुक्ला को शाल देकर सम्मानित किया। सरोज कमल शुक्ला की मेहनत से यह स्कूल उपमंडल गगरेट ही नहीं, बल्कि समूचे ऊना जिले का प्रतिष्ठित स्कूल बनकर उभरा है। उन्होंने मेरिट सूची में आने वाले विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इस स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा गगरेट क्षेत्र का नाम चमकाने की मंगलकामना की।












