पेट्रोल-डीजल कार लेने वालों के लिए बुरी खबर! नितिन गडकरी का साफ संदेश-अब इनका भविष्य खत्म
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने Busworld India Conclave 2026 में कहा कि पेट्रोल और डीजल से चलने वाली गाड़ियों का भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ये गाड़ियां हमेशा नहीं रहेंगी, ऑटो इंडस्ट्री को साफ-सुथरे ईंधन और बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की ओर तेजी से बढ़ना चाहिए।
गडकरी ने बताया कि भविष्य में इलेक्ट्रिक गाड़ियां, बायोफ्यूल, CNG, LNG और हाइड्रोजन जैसे ईंधन ज्यादा महत्वपूर्ण होंगे। इलेक्ट्रिक गाड़ियां बैटरी से चलती हैं और इनमें धुआं नहीं निकलता, इसलिए ये पर्यावरण के लिए बेहतर मानी जाती हैं। वहीं बायोफ्यूल (जैसे एथेनॉल) खेती से जुड़े उत्पादों से बनाया जा सकता है, जिससे किसानों को भी फायदा होता है। इसके अलावा हाइड्रोजन को भी भविष्य का ईंधन माना जा रहा है क्योंकि इससे सिर्फ पानी बनता है, प्रदूषण नहीं होता है।
कई तरह के फ्यूल का किया जाएगा इस्तेमाल
नितिन गडकरी ने यह भी कहा कि आने वाला समय मल्टी-फ्यूल का होगा, यानी एक ही तरह के फ्यूल पर निर्भर रहने के बजाय कई तरह के ईंधन का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे फायदा यह होगा कि अगर किसी एक फ्यूल की कीमत बढ़े या कमी हो, तो दूसरे विकल्प मौजूद रहेंगे। इससे ट्रांसपोर्ट सिस्टम ज्यादा मजबूत और सुरक्षित बनेगा।
सरकार ढूंढ रही दूसरे ऑप्शन्स
सरकार का मानना है कि आज जो पेट्रोल और डीजल की गाड़ियां हम चला रहे हैं, वे कई समस्याएं पैदा करती हैं। सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण है। इनसे निकलने वाला धुआं हवा को खराब करता है, जिससे सांस की बीमारियां और पर्यावरण से जुड़ी दिक्कतें बढ़ती हैं। इसके अलावा भारत को पेट्रोल और डीजल का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदना पड़ता है, जिससे देश का बहुत पैसा बाहर जाता है। यही कारण है कि सरकार अब ऐसे विकल्प ढूंढ रही है जो देश में ही बन सकें और सस्ते भी हों।
'भविष्य के लिए तैयार रहें ऑटो कंपनियां'
एक और अहम बात यह है कि सरकार चाहती है कि ऑटो कंपनियां अभी से इन नई तकनीकों पर काम करें, ताकि भविष्य के लिए तैयार रहें। अगर कंपनियां समय रहते बदलाव नहीं करेंगी, तो उन्हें आगे चलकर नुकसान हो सकता है क्योंकि बाजार की मांग बदल जाएगी। ऐसे में कहा जा सकता है कि आने वाले सालों में पेट्रोल और डीजल गाड़ियों का इस्तेमाल धीरे-धीरे कम होता जाएगा और उनकी जगह इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और दूसरे फ्यूल से चलने वाली गाड़ियां ले लेंगी।












