सिरमौर के जंगल में मिली महिला की अधजली ला*श, हत्या के बाद श*व जलाने की आशंका
नाहन/पांवटा साहिब: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर गांव के समीप जंगल में एक महिला की अधजली लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव करीब 95 प्रतिशत तक जला हुआ है, जिसके चलते मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं कर पाई है कि महिला शादीशुदा थी, युवती थी या नाबालिग लड़की।
जानकारी के अनुसार पुलिस को किसी स्थानीय व्यक्ति ने जंगल में आग जलने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब आग के पास जाकर देखा गया तो वहां एक महिला का बुरी तरह जला हुआ शव पड़ा मिला। शव की हालत इतनी खराब है कि प्रथम दृष्टया केवल इतना ही अंदाजा लगाया जा सका कि यह महिला का शव है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को जुन्गा शिमला से मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से अहम सबूत जुटाएगी।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में लाकर आग लगाई गई हो सकती है। हालांकि यह भी जांच का विषय है कि वारदात घटनास्थल पर ही हुई या शव को पहचान छिपाने के मकसद से यहां लाकर जलाया गया। पुलिस आसपास के जंगल और सड़क मार्गों की भी जांच कर रही है, ताकि किसी वाहन या संदिग्ध गतिविधि के सुराग मिल सकें।
वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सिरमौर सहित आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों के थानों से गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक किसी महिला की पहचान से जुड़ा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। जांच एजेंसियां इस संभावना पर भी काम कर रही हैं कि शव किसी दूसरे राज्य से लाकर यहां जलाया गया हो।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने महिला की अधजली लाश मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई अहम खुलासे हो पाएंगे।






