किन्नौर में बारिश का कहर: लिप्पा गांव का संपर्क कटा, बाढ़ से पुल जलमग्न; घरों पर मंडराया खतरा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जिले की लिप्पा पंचायत के पेजर नाले में गुरुवार सुबह अचानक आई भारी बाढ़ ने क्षेत्र में हालात गंभीर कर दिए। बाढ़ के कारण तेती खड्ड का बहाव रुक गया, जिससे लिप्पा गांव को जोड़ने वाला करीब 100 फीट लंबा लोहे का पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6 बजे पेजर नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के कारण पुल पर भारी दबाव पड़ा और अब यह पुल लोगों की आवाजाही के लिए असुरक्षित हो गया है। पुल के आसपास बने कई घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
पुल के जलमग्न होने के बाद लिप्पा गांव का संपर्क अन्य क्षेत्रों से पूरी तरह कट गया है। ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को स्थिति की जानकारी दे दी गई है और प्रभावित क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि बीते दिन से किन्नौर जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश के चलते जिले के कई नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। कई स्थानों पर भूस्खलन और जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
फिलहाल प्रशासनिक टीमें स्थिति का जायजा ले रही हैं और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार बारिश को देखते हुए जिले में हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है।






