CM पद के नारों पर अनुराग ठाकुर ने समर्थकों को रोका, बोले- 'विवाद नहीं, युवाओं और विकास की बात करें'
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे को लेकर चर्चाओं के बीच हमीरपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के स्वागत कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर मुख्यमंत्री पद से जुड़े नारे लगे। हालांकि, इस बार अनुराग ठाकुर ने खुद हस्तक्षेप करते हुए समर्थकों को ऐसे नारे लगाने से रोक दिया।
हमीरपुर स्थित एनआईटी में आयोजित कार्यक्रम में जैसे ही कुछ समर्थकों ने "हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो..." के नारे लगाने शुरू किए, अनुराग ठाकुर ने तुरंत उन्हें बीच में रोक दिया। उन्होंने कहा कि "ऐसे कंट्रोवर्सी वाले नारे क्यों लगाते हो? युवा हो तो युवाओं और विकास से जुड़े नारे लगाओ। बिना बात के विवाद पैदा करने वाले नारे मत लगाया करो।"
सांसद की अपील के बाद समर्थकों ने मुख्यमंत्री पद से जुड़ी नारेबाजी तुरंत बंद कर दी और सामान्य स्वागत नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम भी शांतिपूर्ण और सामान्य माहौल में संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले मंडी में भी अनुराग ठाकुर के समर्थन में मुख्यमंत्री पद के नारे लगे थे, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में कई दिनों तक बयानबाजी का दौर चला था। ऐसे में इस बार अनुराग ठाकुर का सार्वजनिक मंच से समर्थकों को संयम बरतने का संदेश राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से रोजगार, शिक्षा, नवाचार और प्रदेश के विकास जैसे सकारात्मक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अनुराग ठाकुर ने विवादों को बढ़ावा देने के बजाय अनुशासित राजनीति और सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है, जिसकी चर्चा अब प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में भी हो रही है।






