कोटरोपी में फिर मंडराया खतरा, पठानकोट-मंडी NH बंद; वैकल्पिक मार्ग भी मलबे से बाधित
मंडी: पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटरोपी के पास वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। मंगलवार शाम को नाले के पास हुए भूस्खलन के बाद सड़क का एक हिस्सा धंसने का खतरा पैदा हो गया था, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पहले बड़े वाहनों की आवाजाही बंद की और अब मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।
बुधवार सुबह एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर डाइवर्जन बनाने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि फिलहाल छोटे वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला जा रहा है।
वहीं, मंडी जाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा वैकल्पिक मार्ग घटासनी-झटिंगरी-बाया कटिंडी भी मलबा गिरने से बंद हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मशीनरी मौके पर भेजकर सड़क बहाली का काम शुरू कर दिया है।
लगातार बारिश के कारण मंडी जिले में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। मंगलवार को जिले में 58 सड़क मार्ग प्रभावित हुए थे, जिनमें से कई को खोलने के लिए विभागीय टीमें लगातार काम कर रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सफर से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।






