कुल्लू में चीख-पुकार: पंचायत चुनाव से लौट रहे लोगों की गाड़ी खाई में समाई, 3 महिलाओं की मौत
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में वीरवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहां पंचायत चुनाव में मतदान कर लौट रहे लोगों से भरी एक टैक्सी (सूमो) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी की बढ़ई-बाग-पीज सड़क पर हुआ। वाहन में करीब 11 लोग सवार थे, जो पंचायत चुनाव में वोट डालने के लिए अपने पैतृक गांव पीज वेधार गए हुए थे। मतदान करने के बाद सभी लोग वापस कुल्लू लौट रहे थे कि रास्ते में टैक्सी अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन व पुलिस को सूचना दी। हादसे में कली देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कलावंती और सलमा देवी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन खाई में गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर प्रशासन के साथ खाई में उतरे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। पुलिस, प्रशासन और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पंचायत चुनाव की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है।






