हिमाचल के सरकारी स्कूलों की बदहाली: पढ़ाई के बीच छत से गिरा प्लास्टर, बाल-बाल बचे मासूम
नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां शिलाई क्षेत्र के अंतर्गत शिक्षा खंड रोनहाट की राजकीय प्राथमिक पाठशाला जासवी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कक्षा के दौरान अचानक छत से प्लास्टर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी छात्र घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, दूसरी तरफ इस घटना ने स्कूल भवन की जर्जर हालत को उजागर कर दिया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मरम्मत तक दूसरे कमरे में पढ़ाई के निर्देश
जिला सिरमौर के प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए बीपीईओ रोनहाट को स्कूल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जब तक क्षतिग्रस्त कक्षा की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक विद्यार्थियों को अन्य सुरक्षित कमरों में बैठाकर पढ़ाई करवाई जाए। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही भवन की मरम्मत के लिए बजट जारी किया जाएगा।
विद्यार्थी परिषद का फूटा गुस्सा, दी आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिषद की पदाधिकारी मनीष बिरसान्टा ने कहा कि यह घटना साफ तौर पर सिस्टम की अनदेखी को दर्शाती है। यदि समय रहते जर्जर भवन की मरम्मत कर दी जाती, तो बच्चों की जान जोखिम में नहीं पड़ती।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो परिषद उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। यह घटना एक बार फिर सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को उजागर करती है, जहां शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई है।












