जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज, OPS और केंद्र सरकार के मुद्दों पर भाजपा पर बरसे सीएम सुक्खू
हमीरपुर। मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने रविवार को जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और परिसर में बनने वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए भाजपा नेताओं के बयानों पर भी तीखा पलटवार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज की मंजूरी वर्ष 2014 में तत्कालीन यूपीए सरकार के कार्यकाल में मिली थी और इसके लिए उस समय केंद्र सरकार की ओर से 189 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस परियोजना की लागत लगभग 500 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है और केंद्र से मिले 189 करोड़ रुपये के अतिरिक्त अधिकांश राशि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने संसाधनों से उपलब्ध करवाई है।
सीएम सुक्खू ने सांसद Anurag Thakur के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें मेडिकल कॉलेज निर्माण का झूठा श्रेय लेने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर पिछले दो दशकों से सांसद हैं और उन्हें तथ्यों को स्वीकार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना कांग्रेस सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रही है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मेडिकल कॉलेज को जोलसप्पड़ परिसर में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। साथ ही संस्थान में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि एम्स दिल्ली की तर्ज पर यहां उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिनमें रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी शामिल होंगी। प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय लैब स्थापित करने के लिए 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसका पूरा खर्च प्रदेश सरकार वहन कर रही है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री JP Nadda के जाइका परियोजना को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस परियोजना की बात की जा रही है, उसका अनुबंध तक अभी नहीं हुआ है। ऐसे में तथ्यों की पूरी जानकारी के बिना बयान देना उचित नहीं है।
वहीं, पुरानी पेंशन योजना (OPS) के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा OPS को समाप्त करना चाहती है, जबकि कांग्रेस सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति में और सुधार होने पर अन्य वर्गों के कर्मचारियों को भी OPS के दायरे में लाने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष Jai Ram Thakur द्वारा जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनावों में देरी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आम लोगों की सरकार है और विकास, स्वास्थ्य तथा कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से मिलने वाला बजट तय नियमों और प्रक्रिया के तहत जारी होता है। इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे जनता को भ्रमित करने के बजाय तथ्यों के आधार पर राजनीति करें।






