मंजू शर्मा मौत मामला: प्रदर्शनकारियों ने किया SP ऑफिस का घेराव, अस्पताल के बाहर धारा-163 लागू, प्रदर्शन पर रोक
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में महिला की मौत को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। सुबह रथ मैदान ढालपुर में एकत्रित हुए प्रदर्शनकारियों ने पहले एसपी ऑफिस तक रैली निकाली, जहां मुख्य द्वार के बाहर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारी डीसी ऑफिस पहुंच गए और वहां भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने और दोष तय होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू
वहीं, बढ़ते तनाव और संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू कर दी है। इसके तहत अस्पताल क्षेत्र में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि, "अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, जुलूस, सभा, विरोध-प्रदर्शन या नारेबाजी पर प्रतिबंध रहेगा। अस्पताल परिसर में बैनर, पोस्टर, प्लेकार्ड आदि प्रदर्शित करने की अनुमति नहीं होगी। अस्पताल से 100 मीटर की परिधि के भीतर लाउडस्पीकर, माइक्रोफोन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और अन्य ध्वनि-विस्तारक उपकरणों के उपयोग पर रोक रहेगी। अस्पताल परिसर में पूर्ण शांति, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना अनिवार्य होगा।"
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
वहीं, स्थिति को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसडीएम निशांत कुमार को 8 जुलाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उन्हें पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्रीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहें, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
क्या है पूरा मामला?
मंडी जिले के बालीचौकी क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय मंजू शर्मा को 20 जून 2026 को डिलीवरी के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। मंजू शर्मा के परिजनों ने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए थे। इस मामले को लेकर दो दिनों तक ढालपुर में जमकर प्रदर्शन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई थी। बाद में स्वास्थ्य विभाग ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अनु को निलंबित कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। इस पूरे मामले में जिला प्रशासन ने भी मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। इसी बीच अब परिजन डॉक्टर अनु और दो स्टाफ नर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने और प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर दर्ज मामला रद्द करने की मांग की है। इस मामले में परिजनों ने प्रदर्शन की चेतावनी दी है।






