हिमाचल में 'लुटेरी दुल्हन' का खेल! 5 महीने में 3 शादियां, फिर बहाने बनाकर हो जाती है फरार
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र से शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने महज पांच महीनों के भीतर तीन अलग-अलग युवकों से शादी की और कुछ समय तक उनके परिवारों के साथ रहने के बाद अलग-अलग बहाने बनाकर फरार हो गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और फर्जी शादी करवाने वाले संभावित गिरोह की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस जांच के अनुसार महिला ने जनवरी 2026 में बिलासपुर के जेजवीं क्षेत्र, फरवरी में हमीरपुर के गलोड़ और मई में बिलासपुर के बल्हसीना क्षेत्र में शादी की थी। आरोप है कि हर बार वह कुछ समय तक परिवार का विश्वास जीतती थी और फिर मंदिर जाने, रिश्तेदार की मृत्यु या अन्य बहानों का सहारा लेकर घर छोड़ देती थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चलता था।
ग्रामीण युवकों को बनाया जा रहा था निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के अविवाहित युवकों और उनके परिवारों को निशाना बना रहा था। पुलिस को संदेह है कि इस पूरे नेटवर्क में कुछ महिलाएं और बिचौलिए भी शामिल हो सकते हैं। पहले परिवारों से संपर्क कर शादी तय करवाई जाती थी, फिर शादी के बाद विश्वास कायम कर दुल्हन अचानक गायब हो जाती थी।
ऐसे खुली पूरे खेल की पोल
मामले का खुलासा तब हुआ जब हमीरपुर के गलोड़ निवासी मनीष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। मनीष ने बताया कि उसकी शादी इसी वर्ष फरवरी में पंजाब के बटाला में हुई थी। शादी के बाद जब उसने विवाह का पंचायत में पंजीकरण करवाने और दस्तावेजों की जांच की बात कही, तो पत्नी लगातार टालमटोल करने लगी।
मनीष को तब संदेह हुआ जब आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की सत्यता को लेकर सवाल खड़े होने लगे। शिकायत के अनुसार जब उसने विवाह पंजीकरण के लिए दबाव बनाया, तो उसे और उसके परिवार को धमकियां मिलने लगीं। कुछ समय बाद महिला जम्मू जाने का बहाना बनाकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी।
बिलासपुर में भी सामने आया समान मामला
पुलिस जांच के दौरान यह भी पता चला कि महिला ने बिलासपुर के बल्हसीना क्षेत्र में भी शादी की थी। वहां से वह अपनी मौसी के निधन का बहाना बनाकर घर से चली गई थी। वहीं जेजवीं क्षेत्र के एक अन्य परिवार ने भी महिला पर धोखाधड़ी से शादी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विभिन्न पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कथित फर्जी शादी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा प्रदेश में कितने परिवार इसका शिकार हुए हैं।
पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।






