पंचायतीराज चुनाव में बड़ी लापरवाही! कुनिहार में बैलेट पेपर गायब, ARO समेत 8 कर्मचारियों पर केस
चुनाव प्रक्रिया के बीच मचा हड़कंप, सभी कर्मचारियों को ड्यूटी से हटाया गया
हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज चुनाव 2026 की प्रक्रिया के दौरान सोलन जिला के विकास खंड कुनिहार में बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान दो बैलेट पेपर रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए, जिससे चुनावी व्यवस्था में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चुनाव कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज करवा दिया है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, विकास खंड कुनिहार में पंचायतीराज चुनावों के लिए बैलेट पेपर तैयार करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान रिकॉर्ड मिलान के समय दो बैलेट पेपर कम पाए गए। चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य में बैलेट पेपर गायब होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर गायब होना बेहद गंभीर मामला है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से बैलेट पेपर लेखन कार्य में तैनात सभी आठ कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि बैलेट पेपर गायब होने की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस घटना के बाद चुनावी प्रक्रिया की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन अब पूरे मामले की गहन जांच में जुट गया है ताकि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर कोई आंच न आए।






