बरसात में तबाही, दशहरा बैठक पर कुल्लू-बंजार विधायक आमने-सामने, सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक से गरमाया सियासी माहौल
मानसून की पहली बारिश ने कुल्लू जिले को गहरे जख्म दिए हैं। घाटी के सैंज में एक ही परिवार के तीन लोग बाढ़ में बहकर लापता हैं। इसमें एक बेटी का शव मिला है, जबकि भाई-बहन सात दिन से लापता हैं। उनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ जुटी है। इस बीच बरसात से हुए नुकसान को लेकर कुल्लू के सदर कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और बंजार से भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी के बीच सोशल मीडिया में जंग छिड़ गई है। दोनों विधायक आमने-सामने आ गए हैं। विधायक सुरेंद्र शौरी ने बरसात से सड़कें बदहाल हैं और पुल गिरने के कगार पर हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन के सिर पर दशहरा उत्सव की धुन सवार है का आरोप लगाया है। उन्होंने मीडिया को दी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त है, लोग संकट में हैं और प्रशासन, सरकार और उनके नेता इस समय अक्तूबर में होने वाले दशहरा उत्सव की बैठक करने में व्यस्त हैं। बैठक ऐसे समय में की जा रही है जब गांव-गांव में राहत और बचाव कार्यों की जरूरत है, इससे सरकार और प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल खडे़ होते हैं। दशहरा की बैठक एक जुलाई को होनी थी, लेकिन अब दो जुलाई को प्रस्तावित की है। प्रशासन का यह रवैया न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि शर्मनाक भी है। इस पर कुल्लू कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया में लिखा ....सॉरी भाई, दशमी देवकारज तो मनाना पड़ेगा चाहे बाढ़ हो या कोरोना। तुसे बुझी थी खोल जाच, ऐसा अंतरराष्ट्रीय दशहरा, 90 दिन बाकी ..ने राजनीति माहौल गरमा दिया।
इसका जवाब भी बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने भी सोशल मीडिया में देते हुए लिखा...बाढ़-भूस्खलन अब सहें, जनता रहे उदास। सुंदर मनोरथ पूरे हो, बस दशहरा खास। उनकी इस पोस्ट पर लोगों ने जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। रात को बंजार से संबंध रखने वाले एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने पोस्ट डालते हुए लिखा कि कल पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह बंजार में 11 बजे से लेकर 1:00 बजे तक उपस्थित रहूंगा। आप सादर आमंत्रित हैं। विधायक शौरी ने मंगलवार सुबह इस पोस्ट को शेयर करते कहा कि ...रेस्ट हाउस बैठने के बजाय बंजार सब्जी मंडी दमोठी का एक चक्कर लगाकर आएं। वहां के हालात देखें और जनता क्या कह रही है मालूम पड़ जाएगा। कांग्रेस और भाजपा नेताओं की इन पोस्टों ने कुल्लू की राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।












