लाहौल-स्पीति की घेपन घाट झील में देश का पहला GLOF अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित, बाढ़ के खतरे पर रहेगी नजर
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में हिमनद झीलों से पैदा होने वाले बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए अहम पहल की गई है। जिले की करीब 4,100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित घेपन घाट झील में देश का पहला ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी GLOF अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित किया गया है। सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग द्वारा विकसित यह प्रणाली राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की पायलट परियोजना का हिस्सा है। इसके जरिए झील के जलस्तर और आसपास के पर्यावरणीय बदलावों की निगरानी की जाएगी, ताकि संभावित खतरे का समय रहते आकलन किया जा सके। इसके अलावा चंद्रा-चिनाब नदी क्षेत्र में उच्चतम बाढ़ स्तर के चिह्नांकन का काम भी पूरा कर लिया गया है। इन प्रयासों से जिले में आपदा प्रबंधन और प्रारंभिक चेतावनी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।






