नाहन: ब्रेक फेल होते ही बोलेरो पर पलटा आलू से भरा ट्रक, चालक समेत दो गंभीर घायल
नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर खजुरना पुल के समीप आलू की बोरियों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि बोलेरो में सवार चालक, एक महिला और एक बच्चा बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। बोलेरो वाहन मालोवाला की ओर से नाहन की तरफ आ रहा था, जबकि आलू से लदा ट्रक पांवटा साहिब की दिशा में जा रहा था। जैसे ही ट्रक खजुरना पुल के पास पहुंचा, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सामने चौराहे के पास बोलेरो जीप खड़ी थी। ट्रक चालक सिकंदर ने अंतिम क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने और बोलेरो को सीधी टक्कर से बचाने की पूरी कोशिश की। उसने ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार और भारी वजन के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर बोलेरो पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रक चालक सिकंदर और परिचालक मोहम्मद याकूब गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारकंडे पुल के पास रहने वाले स्थानीय निवासी कादिर को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वह तुरंत अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को बिना देरी मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया और साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को भी सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर ट्रक चालक आखिरी समय तक वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं करता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-07 पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।






