राजेंद्र राणा का सुक्खू सरकार पर हमला-इटली में 150 करोड़ की फैक्ट्री, न्यू चंडीगढ़ में करोड़ों की प्रॉपर्टी का मांगा हिसाब
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन सियासी माहौल गर्म होने लगा है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में "भ्रष्टाचार की फैक्ट्रियां" चल रही हैं और सरकार को कई बड़े निवेश, करोड़ों की संपत्तियों तथा मेडिकल कॉलेज से जुड़े मामलों पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
इटली में 150 करोड़ के निवेश पर उठाए सवाल
राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि इटली में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जा रही एक कंपनी/परियोजना में किन लोगों की साझेदारी है और इसके लिए धन कहां से आया, सरकार को इसका खुलासा करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत में निवेश की असीम संभावनाएं हैं तो फिर यूरोप में इतना बड़ा निवेश क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार इन सवालों का जवाब देने में विफल रहती है तो भाजपा पूरे मामले का खुलासा करेगी।
न्यू चंडीगढ़ में करोड़ों की संपत्तियों पर भी सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा द्वारा सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने के लिए समिति गठित किए जाने के बाद कांग्रेस सरकार बौखला गई है और विपक्ष के नेताओं पर लगातार मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
राणा ने आरोप लगाया कि न्यू चंडीगढ़ में करोड़ों रुपये की जमीन और संपत्तियां कौन खरीद रहा है, सरकार को इसका भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आखिर इतनी बड़ी धनराशि का स्रोत क्या है और इन निवेशों के पीछे कौन लोग हैं।
मेडिकल कॉलेज के पास बन रहे पीजी हॉस्टल पर भी घेरा
राजेंद्र राणा ने नादौन के जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज के पास बन रहे 100 कमरों के पीजी हॉस्टल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इस परियोजना का निर्माण कौन करवा रहा है, इसके लिए धन कहां से आया और निर्माण सामग्री किसके माध्यम से पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि पूरा निर्माण नियमानुसार हो रहा है तो सरकार को इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के सेवा विस्तार पर भी सवाल
राणा ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को बार-बार सेवा विस्तार दिए जाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि क्या प्रदेश में ऐसा कोई योग्य डॉक्टर नहीं है जो इस जिम्मेदारी को संभाल सके। सरकार को इस मामले में भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
'भ्रष्टाचार की फैक्ट्रियों' के पीछे कौन?
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार की फैक्ट्रियां चल रही हैं और इनके पीछे कौन लोग हैं, यह जनता जानना चाहती है। उन्होंने कहा कि इन कथित "भ्रष्टाचार की फैक्ट्रियों" के "सीएमडी" कौन हैं, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
सचिवालय में दलाल सक्रिय होने का आरोप
राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि सचिवालय के विभिन्न विभागों में दलाल सक्रिय हैं और पैसों के बदले लोगों के काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से जवाब चाहती है।
भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता एक मंच पर मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि कहीं गुटबाजी है तो वह कांग्रेस के भीतर है।






