हिमाचल में बारिश का कहर: शिमला, थियोग और चंबा में रेड अलर्ट, आज सभी शिक्षण संस्थान बंद
शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी रेड अलर्ट के बाद राजधानी शिमला, थियोग और चंबा में एहतियातन 21 जुलाई को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यह फैसला विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
प्रशासन के आदेशों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक संस्थान तथा सभी आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
चंबा में एहतियात, सुरक्षा को दी प्राथमिकता
चंबा जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट के मद्देनजर जिले के सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि खराब मौसम के दौरान किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा। अभिभावकों से बच्चों को घरों के भीतर सुरक्षित रखने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
थियोग में 16 सड़कें बंद
शिमला जिले के थियोग सब-डिविजन में भी 21 जुलाई को सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की 16 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। सड़क संपर्क बाधित होने और मौसम के लगातार खराब बने रहने के चलते यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग की ओर से जारी सभी दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से सहयोग करने और बिना जरूरी कारण यात्रा न करने की अपील की गई है।






