मंडी में डाक विभाग की बड़ी लापरवाही! डाकियों के किराए के कमरे से बरामद हुए सैकड़ों अनडिलीवर खत, विभाग ने शुरू की जांच
हिमाचल के मंडी जिले के चौंतड़ा और जोगिंद्रनगर क्षेत्र में डाक विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने दो डाक कर्मचारियों के किराए के कमरे से सैकड़ों अनडिलीवर खत बरामद किए हैं। इनमें आधार कार्ड, बैंक दस्तावेज, सरकारी पत्र, समाचार पत्र और स्थानीय विधायक प्रकाश राणा के नाम आए पत्र भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, किराए के कमरे से लगातार शोर-शराबे की शिकायत मिलने पर चौंतड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान कमरे में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के नाम आए खत बिखरे मिले, जिन्हें संबंधित लोगों तक पहुंचाया ही नहीं गया था। इसके बाद पुलिस ने डाक विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सभी पत्र अपने कब्जे में दिलवाए।
डाक अधीक्षक संजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अनडिलीवर डाक को कब्जे में लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, डाक इंस्पेक्टर संजय भारद्वाज पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह मामला गोलवां और जलपेहड़ डाक शाखाओं से जुड़ा है, जहां तैनात दो डाक कर्मचारियों के कमरे से यह डाक बरामद हुई।






