HRTC कर्मचारियों की सरकार को चेतावनी, 24 जून तक पूरी करो मांगें, वरना 25 से थम जाएंगे बसों के पहिए
सोलन। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक-परिचालक संघ ने एक बार फिर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 24 जून तक कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 25 जून से पूरे प्रदेश में एचआरटीसी बसों का संचालन बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
सोलन में आयोजित बैठक के दौरान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी के हजारों कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे उनके परिवारों का पालन-पोषण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों को हर माह 1 तारीख को नियमित रूप से वेतन दिया जाए।
संघ का आरोप है कि कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA), वेतन विसंगतियां, टाइम स्केल और अन्य भत्तों के करीब 150 करोड़ रुपये सरकार पर बकाया हैं। इसके अलावा 20 करोड़ रुपये के मेडिकल बिल लंबित पड़े हैं, जबकि करीब 8 हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन से जुड़े मामलों का भी अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
चालक-परिचालक संघ ने सोलन से जन जागरण अभियान की शुरुआत की है, जिसे प्रदेश के सभी एचआरटीसी डिपो तक ले जाया जाएगा। संघ ने साफ कहा है कि यदि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो 25 जून से प्रदेशभर में एचआरटीसी बसों के पहिए थम सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है और सरकार को उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 जून तक कोई सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो हड़ताल के लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार होगी।






