औहर-बरसंड सड़क की हालत दयनीय, दो किलोमीटर तक जगह-जगह पड़े गड्ढे दे रहे हादसों को न्योता, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बिलासपुर जिले की औहर-गेहड़वीं वाया बरसंड सड़क की हालत काफी खस्ता हो गई है। औहर से बडोआ तक करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के चलते दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरते समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन वाहनों को नुकसान हो रहा है और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। यह मार्ग बडोल देवी मंदिर को जोड़ता है, जहां प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में इस समस्या को लेकर भारी रोष है। भाजपा किसान मोर्चा घुमारवीं के अध्यक्ष देशराज शर्मा, सुनील कुमार, नरेश कुमार, अनिल कुमार, शांति कुमार, अश्विनी कुमार, राजेंद्र, रमेश कुमार, केदारनाथ, अमरनाथ शर्मा, निक्की देवी और राम प्रकाश सहित कई ग्रामीणों ने विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने शीघ्र कोई कदम नहीं उठाया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि श्रद्धालुओं की आस्था और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाए।












