पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर फायरिंग मामले में बड़ी सफलता, 2 महीने बाद हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़ा कस्टडी से फरार शूटर
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के चर्चित पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो महीने से फरार चल रहा मुख्य शूटर अजय कुमार आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार किया है। उसे बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां फरारी के दौरान उसकी मदद करने वालों और पूरे नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि अजय कुमार झज्जर में छिपा हुआ है। इसके बाद स्पेशल टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। अब पुलिस यह पता लगाएगी कि फरारी के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में रहा और किसने उसे शरण दी।
टिकरी बॉर्डर से हुआ था फरार
गौरतलब है कि 14 मई को पुलिस अजय कुमार को हरियाणा की अदालत में पेशी के लिए ले गई थी। वापसी के दौरान हरियाणा-दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था और आरोपी की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया था।
हमले में बंबर ठाकुर हुए थे घायल
यह मामला 14 मार्च 2025 का है, जब होली के दिन बदमाशों ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमले में बंबर ठाकुर और उनके पीएसओ संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अजय कुमार भी इसी मामले का प्रमुख आरोपी है।
एसपी ने क्या कहा?
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि अजय कुमार के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का अलग मामला भी दर्ज है। अब उससे पूछताछ कर फरारी के दौरान उसके ठिकानों, सहयोगियों और संभावित साजिशों से जुड़े हर पहलू की जांच की जाएगी।






