शिमला में HRTC पेंशनरों का फूटा गुस्सा, 15 तारीख बीतने पर भी 700 पेंशनर पेंशन से वंचित; निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन
शिमला में एचआरटीसी के पेंशनरों ने समय पर पेंशन न मिलने को लेकर मंगलवार को निगम मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। पथ परिवहन पेंशनर्ज कल्याण संगठन के मुताबिक महीने की 15 तारीख बीतने के बावजूद करीब 700 पेंशनरों के खातों में पेंशन की राशि नहीं पहुंची है। संगठन का कहना है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन और सरकार की ओर से पेंशन के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए जाने के बावजूद कुछ पेंशनरों को भुगतान नहीं मिल पाया है। शिमला इकाई की बैठक प्रधान मनोज गौतम की अध्यक्षता में हुई, जिसमें करीब 150 पेंशनर और राज्य पदाधिकारी शामिल हुए। पेंशनरों ने तीन प्रतिशत डीए की किस्त, नाइट ओवरटाइम के भुगतान और कम्यूटेशन से जुड़े लंबित मामलों को भी उठाया। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार कुछ बैंकों में भुगतान अटकने की जानकारी सामने आ रही है, जिससे पेंशनरों को आर्थिक परेशानी हो रही है। पेंशनरों ने लंबित भुगतान तत्काल जारी करने और सरकारी पेंशनरों की तरह सभी देय लाभ एचआरटीसी पेंशनरों को देने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं, 24 सितंबर को नालागढ़ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।






