लोकहित के मुद्दों से भाग रही कांग्रेस, संसद का समय नारेबाज़ी में कर रही बर्बाद : अनुराग ठाकुर
नई दिल्ली। सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद की कार्यवाही में लगातार हो रहे व्यवधान को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनहित के मुद्दों पर चर्चा से बच रहा है और संसद का बहुमूल्य समय हंगामे, नारेबाज़ी और व्यवधान में बर्बाद कर रहा है। उनका कहना है कि विपक्ष का उद्देश्य देशहित के विषयों पर सार्थक चर्चा करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बाधित करना है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि संसद सत्र का तीसरा सप्ताह चल रहा है, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी सदन में पर्याप्त उपस्थिति नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर राहुल गांधी सदन से दूरी बनाए हुए हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष लगातार कार्यवाही बाधित करने का प्रयास कर रहा है। ठाकुर ने कहा कि सरकार ने एंटी-पेपर लीक विधेयक जैसे महत्वपूर्ण विषय पर करीब 12 घंटे तक विस्तृत चर्चा करवाई, लेकिन कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य से जुड़े इस अहम कानून पर गंभीरता नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी दल सदन के वेल में आकर नारेबाज़ी करते हैं और फिर वॉकआउट कर देते हैं। यदि उनका उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना है तो यह संसद के बाहर भी किया जा सकता है, लेकिन संसद देश की जनता के मुद्दों पर चर्चा का सर्वोच्च मंच है। ऐसे में लगातार व्यवधान लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
सांसद ने कहा कि विपक्ष के इस रवैये के कारण कई सांसद अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल रचनात्मक बहस से बच रहे हैं और केवल विरोध की राजनीति कर रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और लोकतंत्र को बाधित करने वालों को समय आने पर उचित जवाब मिलेगा।






