चुनावी नतीजों से खिसकी सुक्खू सरकार के पैरों तले जमीन, विधानसभा चुनाव में होगी करारी हार: जयराम ठाकुर
मंडी। जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित विजय रैली में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने साफ कर दिया है कि हिमाचल की जनता सुक्खू सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से पूरी तरह निराश हो चुकी है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि इन चुनाव परिणामों ने आने वाले विधानसभा चुनावों की तस्वीर स्पष्ट कर दी है और प्रदेश में कांग्रेस सरकार की करारी हार तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं को दरकिनार कर नियमों में बदलाव कर रही है और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाकर विभिन्न पदों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता और विपक्ष ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे।
आपदा प्रबंधन के मुद्दे पर भी जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरते हुए कहा कि हालिया प्राकृतिक आपदा में सबसे ज्यादा नुकसान मंडी जिले ने झेला, लेकिन राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के बजाय सरकार ने जिले को आवंटित आपदा राहत राशि भी वापस ले ली। इससे प्रभावित परिवार आज भी बदहाल जीवन जीने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के जनविरोधी फैसलों और भेदभावपूर्ण रवैये को नहीं भूलेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
इससे पहले जयराम ठाकुर ने जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुने गए भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, राकेश जम्वाल, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद, दीपराज, दलीप ठाकुर और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।






