ADR रिपोर्ट पर सुक्खू का जवाब: बोले- मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं खरीदी कोई संपत्ति
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी संपत्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है। उन्होंने कहा कि उनकी संपत्ति से जुड़ी पूरी जानकारी चुनावी हलफनामे में पहले ही सार्वजनिक की जा चुकी है और इसमें कुछ भी छिपा नहीं है।
बुधवार को शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट को लेकर भाजपा के आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। जिस जमीन और मकान को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह उन्होंने राजनीति में आने और मुख्यमंत्री बनने से पहले खरीदे थे। समय के साथ बाजार मूल्य बढ़ने से संपत्ति की कीमत में इजाफा हुआ है।
ADR की रिपोर्ट में देश के 28 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति का विश्लेषण किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री सुक्खू की घोषित संपत्ति सात करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
सुक्खू ने कहा कि अगर किसी को उनकी संपत्ति को लेकर संदेह है तो जांच करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि उनकी पहले भी जांच हो चुकी है और उन्होंने मेहनत व ईमानदारी से कमाई की है। उनकी संपत्ति का पूरा विवरण सार्वजनिक रिकॉर्ड में उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने ADR रिपोर्ट में अपनी शैक्षणिक योग्यता को अधूरा बताए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में उनकी एमए और एलएलबी की डिग्रियों का उल्लेख नहीं किया गया है, जिसे सुधारा जाना चाहिए।
वहीं कांग्रेस विधायकों के भाजपा में जाने की अटकलों पर सुक्खू ने कहा कि जो विधायक पार्टी छोड़ना चाहते हैं, वे जा सकते हैं। कांग्रेस को ऐसे लोगों की जरूरत है जो पार्टी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहें।
शिक्षा मंत्री को लेकर प्रियंका गांधी के बयान का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा मंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसकी छवि साफ हो, शिक्षा क्षेत्र की समझ हो और जिसके कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाएं न हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।






