कुल्लू में STF की बड़ी कार्रवाई, 11.1 ग्राम चिट्टे के साथ युवक-युवती गिरफ्तार
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.1 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि औट थाना क्षेत्र के नगवाईं गांव में एक घर में मादक पदार्थ रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर मौजूद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार (27) निवासी नगवाईं, तहसील एवं थाना औट (जिला मंडी) और किरण, निवासी न्यूली, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेमराज वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना औट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया, इसकी सप्लाई चेन क्या है, पैसों का लेन-देन किन माध्यमों से हुआ और इस अवैध नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।






