आसमान में दिखे आगनुमा गोले, ऊना और बंगाणा के लोगों में दहशत, पुलिस ने मौके पर लिया घटना का जायजा
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम की घोषणा हो चुकी है, लेकिन इस बीच कई घटनाएं लोगों को चौंकाती रही हैं। शनिवार देर रात को जिले के कई हिस्सों में आसमान पर हरकतें नजर आई हैं। कई लोगों ने इसकी पुष्टि भी की है। बेशक भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध के हालात टल चुके हैं, लेकिन लोगों के जेहन से आंखों देखी घटनाओं को लेकर एक भय दूर नहीं हुआ है। शनिवार देर रात को ऊना जिला मुख्यालय के समीप कोटला कलां लोअर में एक महिला ने आसमान पर आग की चिंगारियां छोड़ती किसी वस्तु के गुजरने की घटना अपनी आंखों से देखी। इसे देख उन्होंने सीधे पुलिस स्टेशन में सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरी घटना का जायजा लिया। उधर बंगाणा में भी एक युवक जो रात 9 बजे के करीब अपने घर जा रहा था उसे भी आसमान में अजीब हरकतें नजर आई। उसने उनका वीडियो बना लिया। दो आग जैसे गोले तेजी से आगे बढ़ रहे थे। यह वीडियो वायरल भी हुआ। हालांकि ऐसी कोई वस्तु किसी स्थान पर गिरने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि हमीरपुर और कई अन्य जगहों से भी इस तरह की जानकारी मिली है। अधिकारिक तौर पर पुलिस ने इसकी कोई पुष्टि नहीं की है।
टटेहड़ा में मिला पाकिस्तान का जहाजनुमा गुब्बारा, नहीं लगा है कोई उपकरण
भारत-पाक के बीच हुए युद्ध विराम के बाद रविवार सुबह उपमंडल गगरेट के टटेहड़ा गांव में पाकिस्तान का जहाजनुमा गुब्बारा मिला था जिसमें जांच में कोई उपकरण नहीं होने की पुष्टि हुई है। हालांकि इसके मिलने से गांव में हड़कंप मच गया था। टटेहड़ा गांव में एक घर के समीप यह गुब्बारा पेड़ में फंसा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है। पहले तो यह समझा जा रहा था कि गुब्बारे में कोई उपकरण लगा हो सकता है लेकिन पुलिस जांच में ऐसा कुछ नहीं पाया गया। पहलगाम नरसंहार के बाद भारत-पाक में उपजे तनाव के चलते आसमान में उड़ रही दुश्मन की मिसाइलों व ड्रोन से लोग पहले ही असहज महसूस कर रहे थे लेकिन युद्ध विराम की घोषणा के बाद रविवार सुबह टटेहड़ा गांव में मिले पाकिस्तानी गुब्बारे ने लोगों को फिर से असहज कर दिया। पहले तो यह माना जाने लगा कि जासूसी के लिए पाकिस्तानी सेना द्वारा छोड़ा गया यह कोई उपकरण हो सकता है। गुब्बारे पर पीआईए अंकित था और उर्दु में भी कुछ लिखा गया था। गुब्बारा मिलने की खबर मिलते ही कई लोग उसे देखने के लिए आने लगे। घटना की जानकारी गगरेट पुलिस को भी दी गई। माहौल ठीक न होने के चलते पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर जाकर मुआयना किया। गुब्बारे में पुलिस को कोई उपकरण नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि इससे पहले भी ऐसे कई गुब्बारे हिमाचल में कई स्थानों पर मिले हैं लेकिन भारत-पाक में तनाव के चलते पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुब्बारे को कब्जे में लेकर इसकी जांच की है।












