मंडी के चोहट्टा बाजार में रेहड़ी-फड़ी वालों के बीच मारपीट, सड़क पर हुआ हंगामा
विवाद के दौरान महिला के साथ मारपीट का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
अनंत ज्ञान ब्यूरो, मंडी
मंडी शहर में रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के बीच हुए विवाद ने शुक्रवार को सड़क पर हंगामे का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने महिला के मुंह पर मुक्का मार दिया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हाथापाई दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।






