ऊना में विवाद के बीच चली गोली, शराब ठेकेदार का कर्मचारी घायल
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट थाना क्षेत्र के डंगोह खुर्द गांव में शनिवार शाम शराब ठेकेदार के कर्मचारियों और एक स्थानीय व्यक्ति के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चली गोली में एक कर्मचारी घायल हो गया। घायल को पहले दौलतपुर चौक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:50 बजे दौलतपुर के शराब ठेकेदार के कुछ कर्मचारी डंगोह खुर्द निवासी मोहिंदर सिंह उर्फ कोको के घर पहुंचे। कर्मचारियों का आरोप था कि मोहिंदर सिंह अवैध शराब बेचने का कारोबार करता है और इसी संदेह के आधार पर वे उसके घर की तलाशी लेने गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान मोहिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे धर्मेंद्र (50 वर्ष), निवासी भद्रकाली की टांग में गोली लग गई। घटना के तुरंत बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गगरेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब ठेकेदार के कर्मचारी किस अधिकार के तहत घर की तलाशी लेने पहुंचे थे और फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






