किन्नौर के उरनी में ताश के पत्तों की तरह ढहा लोहे का पुल, ऊपर से गुजरा रहा डंपर खड्ड में गिरा
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के उरनी क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्षेत्र में स्थित एक लोहे का पुल अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। हादसे के समय पुल के ऊपर से एक डंपर गुजर रहा था, जो पुल टूटने के साथ नीचे जा गिरा। राहत की बात यह रही कि डंपर चालक सुरक्षित बाहर निकल आया और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल टूटने की तेज आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। चोलिंग पुल किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था। पुल ढहने से तीन जिलों के बीच यातायात प्रभावित हो गया है।
यहां डायवर्ट किया गया ट्रैफिक
सूचना मिलते ही टापरी थाना पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया है। अब रामपुर और शिमला की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को टापरी-चगांव-उरनी लिंक मार्ग से भेजा जा रहा है, जिससे यात्रियों को 8 से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी और करीब एक घंटे अधिक समय लग रहा है।
पर्यटन सीजन के बीच पुल टूटने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सैलानियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।






