हिमाचल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड का खतरा
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चंबा, कांगड़ा और मंडी जिले बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा कुल्लू, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई हिस्सों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा और मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि कुल्लू, शिमला और सिरमौर में भी तेज बारिश हो सकती है।
वहीं, 31 जुलाई को चंबा और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुल्लू, मंडी और शिमला में भारी बारिश के आसार हैं।
1 अगस्त को भी मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट है। 2 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ा
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। नदियों, खड्डों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जबकि कमजोर भवनों और सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान सड़कें बंद होने, यातायात बाधित होने और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा कृषि और बागवानी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।






