बिलासपुर में चुनावी चौकसी बढ़ी, EVM स्ट्रॉन्ग रूम हाई सिक्योरिटी में
अनंत ज्ञान ब्यूरो, बिलासपुर।
जिला बिलासपुर में होने वाले नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। चुनावी प्रक्रिया के मद्देनज़र जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। पुलिस विभाग द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 17 मई को होने वाले नगर निकाय चुनावों के लिए इस्तेमाल होने वाली ईवीएम मशीनों को निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है। इन स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पुलिस गार्ड तैनात किए गए हैं तथा 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।
एसपी संदीप धवल ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है और वहां आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
चुनावों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती की योजना भी तैयार की है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। चुनावी माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






